मेरठ । कभी-कभी धर्म से ऊपर उठकर इंसान की आस्था उसे ऐसी राह पर ले जाती है, जहां समाज उसे अपना मानने से इंकार कर देता है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के फलावदा कस्बे से सामने आया है, जहां 20 वर्षीय मुस्लिम युवक शाकिर ने भोलेनाथ के प्रति अपनी भक्ति दिखाई तो उसके अपने ही समाज के कट्टरपंथी उसके दुश्मन बन बैठे।
शिवभक्त बना शाकिर, कांवड़ लाकर किया शिव का जलाभिषेक
मुहल्ला होली चौक, मंदवाड़ी रोड, फलावदा निवासी शाकिर ने बताया कि भगवान शिव में उसकी आस्था गहरी है। इसी के चलते वह इस श्रावण मास की शिवरात्रि पर हरिद्वार से 101 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर आया। बुधवार को वह कांवड़ यात्रा कर फलावदा पहुंचा और भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
यह भी पढ़ें – हरिद्वार कांवड़ यात्रा 2025 : 4 करोड़ शिवभक्त और 8000 करोड़ का कारोबार, समझिए Kanwar Yatra का पूरा अर्थचक्र
शाकिर ने बताया कि उसकी भगवान शिव में गहरी आस्था पिछले 3 वर्षों से है। वह हर साल सावन माह में कांवड़ यात्रा करता है। इस बार वह फलावदा और गड़ीना के मंदिरों में शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजन करने गया था। कांवड़ यात्रा 2025 के दौरान कई जगह कांवड़ शिविरों के संचालकों और भक्तों ने उसे स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
वायरल वीडियो से भड़का कट्टरपंथी समाज
बता दें कि शाकिर का कांवड़ लाने और पूजा करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया। इसके बाद, उसके लिए मुश्किलें खड़ी हो गईं।
यह भी पढ़ें – साबिर हुसैन छोड़ेंगे इस्लाम , पहलगाम अटैक से आहत शिक्षक, बोले- मजहब के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं
शाकिर ने बताया कि उसके परिजन और मोहल्ले के अन्य मुस्लिम लोग उसकी शिवभक्ति से नाराज़ हो गए हैं। जिसके चलते अब उसे न सिर्फ मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है, बल्कि उसे धमकियाँ भी दी जा रही हैं।
पुलिस को दी तहरीर
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर शाकिर ने गुरुवार को फलावदा थाने में तहरीर दी है, जिसमें उसने धमकी और उत्पीड़न की बात कही है।
यह भी पढ़ें – पश्चिमी यूपी में दंगे भड़काने की साजिश, कांवड़ यात्रा और बजरंग दल थे निशाने पर, पाकिस्तान का वीडियो किया वायरल
इस मामले में थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।

















