दुनिया के सबसे शक्तिशाली राष्ट्र अमेरिका में ऐसा हुआ है, जहां दो सांसदों की घर में घुसकर हत्या कर दी जाती है। जिन दो सांसदों की हत्या की गई है, उनमें डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख नेता और पूर्व हाउस स्पीकर मेलिसा हार्टमैन और उनके पति मार्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे पुलिस की वर्दी पहनकर आए और घर में घुसकर हत्या कर दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये वारदात मिनिसोटा राज्य के ब्रुकलिन पार्क स्थित सांसद दंपत्ति के घर में घटी। इसके अलावा 14 जून की ही रात को ही चम्प्लिन में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन हॉफमैन और उनकी पत्नी यवेट पर भी हमला हुआ, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर ने पुलिस अधिकारी की वर्दी और नकली पुलिस वाहन का इस्तेमाल कर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
‘पॉलिटिकली मोटिवेटेड’ हमला
इस हत्याकांड के बाद पूरे अमेरिका में हड़कंप मच गया है। मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने इस हमले को “राजनीतिक हत्या” करार देते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा, “मेलिसा हॉर्टमैन एक शानदार नेता थीं, जिन्होंने मिनेसोटा को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किए। यह एक असहनीय त्रासदी है।” वाल्ज ने स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया है और हमलावर की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
FBI ने रखा 50,000 डॉलर का इनाम
इस बीच पुलिस ने संदिग्ध की पहचान 57 वर्षीय वैंस लूथर बोएल्टर के रूप में की है, जो अभी फरार है। बोएल्टर को 6 फीट 1 इंच लंबा, 220 पाउंड वजन और भूरी आँखों वाला बताया गया है। वह आखिरी बार टैन रंग की काउबॉय हैट और काले रंग की बॉडी आर्मर के साथ नीले कपड़ों में देखा गया था। FBI ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50,000 डॉलर का इनाम घोषित किया है और जनता से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस को आरोपी के नकली पुलिस कार से एक मैनिफेस्टो और संभावित टारगेट्स की लिस्ट बरामद हुई है।
मेलिसा हॉर्टमैन, जॉन हॉफमैन के अलावा गवर्नर टिम वाल्ज, सीनेटर टीना स्मिथ, और कांग्रेसी इल्हान उमर जैसे कई डेमोक्रेट नेताओं के नाम शामिल हैं। लिस्ट में गर्भपात अधिकार समर्थकों और प्रदाताओं के नाम भी थे, जिससे इस हमले को राजनीतिक रूप से प्रेरित माना जा रहा है।
अकेले दरवाजा न खोलने की सलाह
इस बीच पुलिस ने ब्रुकलिन पार्क में शेल्टर इन प्लेस ऑर्डर पास कर दिया था, लेकिन बाद में इसे हटा लिया और लोगों को सलाह दी कि वे अकेले पुलिसवालों के लिए भी दरवाजा न खोलें। वहीं हमले में घायल 60 वर्षीय सीनेटर जॉन हॉफमैन, जो 2012 से मिनेसोटा सीनेट में थे, और उनकी पत्नी यवेट को चम्प्लिन में उनके घर पर गोली मारी गई। दोनों की सर्जरी हो चुकी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
















