भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने एक खास निबंध प्रतियोगिता शुरू की है, जिसका विषय है – “ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को फिर से परिभाषित करना”। यह प्रतियोगिता 1 जून से 30 जून 2025 तक चलेगी। इसमें भाग लेने वाले तीन विजेताओं को 10,000 रुपये नकद इनाम मिलेगा और साथ ही उन्हें 15 अगस्त 2025 को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का सुनहरा मौका भी मिलेगा।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 7 मई 2025 को हुई थी। यह कार्रवाई भारत ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक आतंकी हमले के जवाब में की थी, जिसमें 26 निर्दोष लोग मारे गए थे। इस ऑपरेशन का मकसद पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में बने 9 आतंकवादी ठिकानों को तबाह करना था। भारत सरकार का कहना है कि इस ऑपरेशन ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में एक नई दिशा और सख्त रेखा तय की है। निबंध हिंदी या अंग्रेजी, किसी भी एक भाषा में लिखा जा सकता है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए निबंध 1 जून से 30 जून 2025 के बीच भेजना होगा। हर व्यक्ति सिर्फ एक बार भाग ले सकता है यानी एक ही निबंध भेज सकता है। प्रतियोगिता @MyGovIndia के साथ मिलकर आयोजित की जा रही है। ज्यादा जानकारी और पोस्टर देखने के लिए आप @DefenceMinIndia और @mygovindia के सोशल मीडिया हैंडल पर जा सकते हैं।

















