भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने हाल ही में मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित तुलसी पीठ आश्रम का दौरा किया, जहां उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से राम मंत्र की दीक्षा ली। इस आध्यात्मिक अवसर के दौरान एक खास और रोचक वाकया सामने आया—गुरु रामभद्राचार्य ने दीक्षा के बाद दक्षिणा में पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (POJK) की मांग कर सभी को चौंका दिया।
मुझे बस PoJK चाहिए
पत्रकारों से बातचीत में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने हंसते हुए बताया, “मैंने जनरल साहब को वही राम मंत्र दिया, जो माता सीता ने लंका विजय से पहले भगवान हनुमान को दिया था। जब दक्षिणा मांगने का समय आया, तो मैंने कहा कि मुझे सिर्फ PoJK चाहिए।”
बता दें कि जनरल द्विवेदी ने तुलसी पीठ द्वारा संचालित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किया और सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सेना प्रमुख ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य को स्मृति चिह्न भेंट करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की और उन्हें भारत की आध्यात्मिक और सामाजिक शक्ति का प्रतीक बताया। वहीं, जगद्गुरु ने जनरल द्विवेदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान भविष्य में कोई आतंकी गतिविधि करता है, तो उसका अंजाम विनाशकारी होगा।

















