‘पाञ्चजन्य’ का ‘साबरमती संवाद’ कार्यक्रम आज गुजरात में अहमदाबाद स्थित उद्यमिता विकास संस्थान में हो रहा है। इसके कार्यक्रम के छठवें चरण में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा शामिल हुए। इस दौरान शहजाद पूनावाला ने कहा कि पाञ्चजन्य वह शंख है महाभारत से पहले जिसकी ध्वनि से श्रीकृष्ण कौरवों में भय का संचालन करते हैं। उन्होंने कहा कि जी 20 उस कालखंड में हुआ जब भारत की विकास पताका लहरा रही है। चंद्रयान 3 के माध्यम से विज्ञान पताका लहराया। 130 साल पहले इसी कालखंड में भगवा चोला पहने एक सन्यासी ने विदेश में संदेश दिया। वह संदेश दुनिया सुनती तो 2001 में 9-11 नहीं होता। अब विश्वास का भारत ने पताका लहराया। उन्होंने कहा कि सनातन का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है, वहीं भारत में कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि हमास ने जिस तरह आतंकी हमला किया, उसमें सीधी बात होती है। आप आतंक के साथ खड़े हैं या फिर आतंक के खिलाफ। जो लोग आतंक की पैरवी करने बैठे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने 26-11 को हिंदू आतंकवाद कहा। जिन्होंने अफजल के समर्थन में नारे लगाए। शहजाद पूनावाला ने कहा कि इजरायल वह देश है, जो 1999 के युद्ध में भारत के साथ खड़ा रहा। जिस पार्टी के दो-दो नेता आतंकवाद की भेंट चढ़े हैं, उसके लोग आतंक के साथ खड़े हैं।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का ऐसा निकाह है जिसमें पंजाब से लेकर दिल्ली तक रोज तीन तलाक होता है। इंडी गंठबंधन जो पहले एक-दूसरे को देख नहीं सकते थे वे आज एक हो गए हैं। ये मोदी के डर की वजह से है। ये बांटने आएंगे, ये हर जगह बंटवारे के बीज डालते हैं।

















