फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास के हमलों के बाद इजरायल एक बाद एक बड़े हमले कर आतंकी संगठन को मुंहतोड़ जबाव दे रहा है। इसी क्रम में हमास के क्रिप्टोकरेंसी के अकाउंट्स को फ्रीज कर दिया है। इजरायली पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि आतंकी संगठन बीते शनिवार से सोशल मीडिया के जरिए फंड जुटाने का काम कर रहा है। इस काम में वो क्रिप्टो अकाउंट्स का इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, हमास के क्रिप्टो अकाउंट्स को इजरायल पुलिस की लाहव 433 यूनिट की साइबर ब्रान्च ने निष्क्रिय कर दिया है। इसके लिए लाहव 433 आतंकवादी समूहों द्वारा उपयोग किए जा रहे क्रिप्टोकरेंसी चैनलों को बंद करने के लिए इजरायली रक्षा मंत्रालय, शिन बेट और अन्य खुफिया एजेंसियों के साथ काम कर रहा है। वहीं क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बिनेंस ने भी आतंकियों के खातों का पता लगाने और उन्हें बंद करने में मदद की है। बार्कलेंज बैंक में भी एक अकाउंट्स को यूके पुलिस ने भी फ्रीज किया है।
इस बीच हमास आतंकी संगठन के साथ युद्ध में उलझे इजरायल ने सुरक्षा कारणों गाजा पट्टी पर बसे फिलिस्तीनी नागरिकों को गाजा छोड़कर मिस्र जाने की सलाह दी है। आईडीएफ के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल रिचर्ड हेचट ने कहा, “राफा क्रॉसिंग अभी भी खुला है। जो कोई भी बाहर निकल सकता है, मैं उसे बाहर निकलने की सलाह दूंगा।”
इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि अब तक इज़रायली क्षेत्र में हमास आतंकवादियों के 1,500 शव पाए गए हैं और सोमवार रात से कोई भी हमास लड़ाका इजरायल में नहीं घुस सका है, लेकिन घुसपैठ की आशंकाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है।
हमास के 400 से अधिक आतंकी मारे गए
गौरतलब है कि इजरायल के ताबड़तोड़ हमलों में अब तक 400 से अधिक हमास के आतंकी मारे गए हैं। इसके अलावा 704 फिलिस्तीनियों की भी मौत हुई है। बताया जाता है कि 4000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
















