अश्विन ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 700 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने

अनिल कुंबले और हरभजन सिंह के बाद यह बड़ी उपलब्धि हासिल की

Published by
Panchjanya

नई दिल्ली। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 700 विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि डोमिनिका के विंडसर पार्क में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरुआती टेस्ट मैच के पहले दिन हासिल की।

36 वर्षीय अश्विन, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में प्लेइंग इलेवन से बाहर थे, ने पहले दो सत्रों में चार विकेट लेकर भारत को पहले दिन हावी होने में मदद की। उन्होंने अल्जारी जोसेफ को आउट कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 700 विकेट पूरे किए और अनिल कुंबले (956 विकेट) और हरभजन सिंह (711 विकेट) के बाद यह बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय बन गए। अल्जारी जोसेफ का विकेट मैच में उनका तीसरा विकेट था। अश्विन के नाम अब 702 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं।

अश्विन ने टेस्ट मैच के शुरुआती दिन मेजबान टीम के बल्लेबाजों को नियमित अंतराल पर आउट किया। तेगनारायण चंद्रपॉल मैच में उनका पहला विकेट बने। अश्विन पिता और पुत्र दोनों का विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने। मैच की बात करें तो इस मैच में वेस्टइंडीज की पहली पारी केवल 150 रनों पर सिमट गई। अश्विन ने 5 और जडेजा ने 3 विकेट लिए।

(सौजन्य सिंडिकेट फीड)

Share