गत 8 अक्तूबर को नई दिल्ली के झंडेवाला स्थित केशव कुंज में भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक विशेष पहल हुई। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे की पत्नी श्रीमती अकी आबे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले से भेंट की।
इस दौरान जापान के प्रमुख गैर-सरकारी संगठन निप्पॉन कैगी के चेयरमैन श्री तोमोहिको तानिगुची भी उपस्थित रहे। बैठक में दोनों देशों के आपसी संबंधों और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसकी जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री सुनील आंबेकर ने सोशल मीडिया पर दी।
इस बैठक में भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने पर सार्थक और ठोस विचारों का आदान-प्रदान हुआ। बातचीत में दोनों देशों की सभ्यताओं के बीच संबंधों, सांस्कृतिक सहयोग और लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई पहलों पर खास जोर दिया गया। बैठक का उद्देश्य भारत और जापान के बीच आपसी जुड़ाव को और गहरा करने के लिए सहयोग के नए रास्तों की तलाश करना रहा।
फाउंडेशन फॉर सोशल कंट्रीब्यूशन की चेयरपर्सन श्रीमती अकी आबे और सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने इन क्षेत्रों में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर विचार किया। वहीं, निप्पॉन कैगी के चेयरमैन श्री तोमोहिको तानिगुची भी इस बातचीत का हिस्सा रहे। इससे भारत और जापान के बीच संबंधों को और गहरा करने में दोनों की दिलचस्पी का पता चलता है। बैठक के दौरान संघ नेतृत्व, फाउंडेशन फॉर सोशल कंट्रीब्यूशन और निप्पॉन कैगी के प्रतिनिधिमंडल ने भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई।
















