उत्तर प्रदेश

जो यूपी कभी माफिया के लिए बदनाम था, वो आज वैश्विक पहचान बना रहा है : नितिन नबीन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सहारनपुर में संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की। 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर के संगठन और जनसंपर्क पर चर्चा हुई।

Published by
सुनील राय
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश (सहारनपुर और मेरठ) के कई संगठनात्मक कार्यक्रमों और बैठकों की अध्यक्षता की और कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव में जीत का मंत्र दिया।

उन्होंने पार्टी की जारी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगे का रोडमैप दिया। आगामी यूपी विधानसभा चुनाव हेतु भाजपा की तैयारी के दृष्टिकोण से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सहारनपुर में पार्टी के स्थानीय सांसदों, विधायकों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। उन्होंने जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद कर आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की। इन बैठकों में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुजफ्फरनगर, देवबंद और सहारनपुर में हुआ स्वागत

इससे पहले श्री नबीन के आज सहारनपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा मुजफ्फरनगर, देवबंद और सहारनपुर में कई जगहों पर शंख ध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विभिन्न बैठकों में बारी-बारी से विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी के संगठन और आगामी चुनाव में पार्टी की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया। संगठन की गतिविधियों को और सक्रिय करने एवं डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए समन्वय पर भी जोर दिया।

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद श्री नबीन का यह पहला सहारनपुर दौरा है। कार्यक्रम में उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी श्री जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री श्री भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री श्री राम प्रताप सिंह एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर भी उपस्थित थे।

गुरु रविदास मंदिर में की पूजा-अर्चना

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सहारनपुर में संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की और उत्तर प्रदेश सहित समग्र राष्ट्र के कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने लोगों से संत शिरोमणि रविदास जी के समरसता और समानता के संदेश को आत्मसात करने को कहा।

दलित समाज के लोगों ने उन्हें रविदास महाराज की मूर्ति और पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संत रविदास जी के आदर्शों पर चलते हुए, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति को सम्मान और मुख्यधारा से जोड़ने का जो संकल्प हमने लिया है, उसे हम डबल इंजन की सरकार में पूरा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज हम पूरे देश में संत रविदास जी की 650वीं जयंती का वर्ष मना रहे हैं। मुझे सौभाग्य मिला कि संत रविदास जी के सहारनपुर स्थित मंदिर में आकर उनका आशीर्वाद लेने का मौका मिला। मैं समाज के सभी लोगों का आभार व्यक्त करता हूं कि आज इस स्थल पर मुझे भी आने और संत रविदास जी का आशीर्वाद लेने का अवसर दिया।

हम सभी समाज को पूरी तरह जोड़कर, समरसता के भाव से हर व्यक्ति, हर समाज और हर क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में प्रदेश लगातार विकास कर रहा है और अपनी विरासत को भी आगे बढ़ा रहा है।

दलित कार्यकर्ता के घर किया दोपहर का भोजन

इस पावन दर्शन के पश्चात, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने श्री रविदास मंदिर समिति के अध्यक्ष और दलित समाज के गौरव, श्री अजब सिंह जी के आवास (ओजपुरा, सहारनपुर) पर दोपहर का भोजन किया।

एक जमीनी दलित कार्यकर्ता के घर किया गया यह भोजन केवल एक भेंट नहीं, बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास‘ और अंत्योदय के मूल मंत्र का जीवंत प्रमाण है।

कार्यकर्ताओं से संवाद, 2027 की तैयारियों पर चर्चा

विभिन्न बैठकों में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने कहा कि आज सहारनपुर और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं से मिलने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने और हमारे वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद करने का अवसर मिला। कल शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन भी हुआ।

कार्यकर्ताओं का उत्साह और उनकी ऊर्जा स्पष्ट रूप से संकेत दे रही है कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी की फिर से प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। भाजपा के कार्यकर्ता 24×7 काम करते हैं। न तो हमारे कार्यकर्ता और न ही हमारे नेता पार्ट-टाइम राजनेता हैं, हमारा एक ही उद्देश्य है जनता की सेवा।

कार्यकर्ताओं में जिस तरह का जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का जो दृढ़ संकल्प हर जगह देखने को मिल रहा है, उससे मुझे पूरा भरोसा है कि भाजपा अपने ‘मिशन 2027‘ को सफलतापूर्वक हासिल कर लेगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में यूपी की योगी आदित्यनाथ जी की सरकार में विकास और सांस्कृतिक विरासत, दोनों के प्रति जनता का स्पष्ट विश्वास है। उन्हें यह विश्वास है कि यही सरकार भारत को ‘विकसित भारत’ बनाएगी और उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ाएगी।

सभी पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि इस बार फिर से यूपी में भाजपा की बंपर वोटों से जीत दिलाएंगे।

उत्तर प्रदेश के विकास और बदलाव का किया जिक्र

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज सड़कों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोगों को जुड़ते देखकर यह साफ हो गया कि जनता हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और यूपी की हमारी टीम के समर्थन में किस तरह एकजुट है।

उन्होंने कहा कि जो राज्य कभी माफिया के लिए बदनाम था, वह अब सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में युवाओं के नेतृत्व वाली तरक्की के लिए वैश्विक पहचान बना रहा है, यह है बदलाव की कहानी।

आज का उत्तर प्रदेश अपने विकास, एक्सप्रेसवे और प्रगति के नए कीर्तिमानों के लिए जाना जाता है। यहाँ ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें बनाई जा रही हैं। यही नए उत्तर प्रदेश की पहचान है जो हर पार्टी कार्यकर्ता और नागरिक के लिए गर्व की बात है क्योंकि हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश‘ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

संगठन में ऊर्जा और संवाद पर जोर

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सांसदों, विधायकों और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए पार्टी में ऊर्जा और संवाद का होना सबसे महत्वपूर्ण है। आज पार्टी जिस मुकाम पर पहुँची है, वह पुराने कार्यकर्ताओं के 40-45 वर्षों के कठिन परिश्रम का परिणाम है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 2047 के ‘विकसित भारत‘ का संकल्प केवल भारतीय जनता पार्टी ही पूरा कर सकती है, समाजवादी पार्टी या कांग्रेस नहीं।

शक्ति केंद्रों पर होगी ‘पॉकेट मीटिंग’

उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सादगी, सरलता और जन-संवाद पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर सांसदों, विधायकों और सक्रिय सदस्यों के साथ शक्ति केंद्रों पर ‘पॉकेट मीटिंग‘ (जनता चौपाल) आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं, भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि हमें हर गाँव, हर घर तक पहुंचना है, आम लोगों की परेशानियों को दूर करना है और उन्हें डबल इंजन सरकार की योजनाओं से जोड़ना है।

Share

Recent News