विश्व

‘हमें घर जाना है…’ पाकिस्तानी कोर्ट के बाहर रोती रहीं 13-14 साल की हिंदू बहनें, धर्मांतरण-निकाह के आरोप से मचा हड़कंप

टंडो अल्लाहयार जिले में 13 और 14 साल की दो बहनों के अपहरण, धर्म परिवर्तन और निकाह का मामला सामने आया है।

Published by
Mahak Singh

पाकिस्तान के सिंध प्रांत से सामने आए दो नाबालिग हिंदू बहनों के मामले ने एक बार फिर अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। टंडो अल्लाहयार जिले में 13 और 14 साल की दो बहनों के अपहरण, धर्म परिवर्तन और निकाह का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि दोनों बच्चियों को उनकी इच्छा के खिलाफ घर से ले जाया गया और बाद में उनका धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम पुरुषों से निकाह करा दिया गया। मामले की गंभीरता उस समय और बढ़ गई, जब दोनों बहनें अदालत के बाहर अपने माता-पिता के पास लौटने की गुहार लगाती दिखाई दीं।

मीडिया रिपोर्टों और अल्पसंख्यक अधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, दोनों बहनों की पहचान सीता और रूपी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वे कच्छी कोली समुदाय से हैं। परिवार का आरोप है कि उनका अपहरण कर जबरन इस्लाम कबूल कराया गया और अमजद सोलांगी तथा मंसूर सोलांगी नाम के दो मुस्लिम पुरुषों से उनका निकाह कराया गया। मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों लड़कियां अदालत के बाहर रोती हुई दिखाई देती हैं। वीडियो में वे अपने माता-पिता के पास घर लौटने की इच्छा जताती नजर आती हैं। इसे पाकिस्तानी पत्रकार और एक्टिविस्ट विंगस की ओर से साझा किया गया बताया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, अदालत ने दोनों बहनों को सीधे परिवार के साथ भेजने के बजाय दो दिनों के लिए सेफ हाउस भेजने का आदेश दिया। इसके बाद अल्पसंख्यक अधिकार कार्यकर्ताओं ने बच्चियों की उम्र और परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

10 दिनों में छह लड़कियों के अपहरण का दावा

वहीं, विंगस के अनुसार 9 सितंबर को टंडो अल्लाहयार से 14 वर्षीय हिंदू लड़की पांसी कोहली के कथित अपहरण की जानकारी सामने आई थी। सिंध रेनेसां ने कुछ रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया है कि करीब 10 दिनों में छह हिंदू नाबालिग लड़कियों के कथित अपहरण और धर्म परिवर्तन के मामले सामने आए हैं। फिलहाल कार्यकर्ताओं की मांग है कि बच्चियों के बयान बिना किसी दबाव के, सुरक्षित और बच्चों के अनुकूल माहौल में दर्ज किए जाएं तथा उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।

Share