
प्रतीकात्मक चित्र
पंजाब में संगरूर निवासी गुलजार सिंह की आत्महत्या के समाचारों के बीच एक और खबर आई है कि चिट्टे के नशे से पीड़ित पति ने तीन महीने की गर्भवती पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना लुधियाना जिले के गांव बुर्ज लिट्टां की है। मृतका की पहचान हरप्रीत कौर (25) के रूप में हुई है।
पुलिस ने हरप्रीत के मायके वालों की शिकायत पर पति जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा और उसके दादा जोगिंदर सिंह को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
परिजनों के अनुसार, हरप्रीत कौर घर में हो रहे लगातार झगड़ों से परेशान होकर अपने मायके चली गई थी। रविवार को जसप्रीत उसे समझा-बुझाकर वापस बुर्ज लिट्टां ले आया और नशा छोड़ने का भरोसा दिया। सोमवार रात जसप्रीत नशे में धुत होकर घर पहुंचा और कथित तौर पर हरप्रीत के साथ बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद उसका गला घोंट दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि हरप्रीत के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और जसप्रीत घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि यह आत्महत्या थी तो शव को छत से नीचे किसने उतारा।