पंजाब में गैंगस्टरवाद व हिंसा की बढ़ती घटनाओं से राज्य में जंगलराज जैसे हालात बनते दिख रहे हैं। हत्या, फिरौती के लिए फायरिंग की घटनाएं सामान्य बात हो गई है। मंगलवार को लुधियाना के समराला के मानकी गांव में चार नकाबपोश हमलावरों ने एक कबड्डी खिलाड़ी (23) पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में खिलाड़ी गुरविंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका साथी धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरा युवक लवप्रीत बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक से आए और बिना किसी कहासुनी के फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर कुछ ही सेकेंड में फरार हो गए। घटना के वक्त तीनों युवक गांव में गुरु नानक देव जी प्रकाशोत्सव को समर्पित नगर कीर्तन से पहले लंगर की तैयारी और रास्ते की सफाई कर रहे थे। ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत समराला सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। रास्ते में ही गुरविंदर सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि धर्मवीर का इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी (डी) खन्ना पवनजीत सिंह, डीएसपी मोहित कुमार सिंगला और डीएसपी करमजीत सिंह ग्रेवाल ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है, जिसमें व्यक्तिगत रंजिश और खेल से जुड़ी संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरविंदर सिंह प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी था, जो जिला स्तरीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लेता था और गांव में काफी लोकप्रिय था।

















