नई दिल्ली: मौसम विभाग ने आज के लिए 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें से 5 राज्य ऐसे हैं जहां भारी बारिश के साथ ही 60-70 किमी की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने और तूफान आने का अलर्ट जारी हुआ है। ये पांच राज्य हैं मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा। पंजाब में मौसम विभाग ने 8 सितंबर के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब में भीषण बारिश, राजस्थान में चलेंगी तेज हवाएं
यहां के फिरोजपुर, संगरूर, होशियारपुर, कपूरथला, चंडीगढ़, संगरूर, लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, बठिंडा, बरनाला और फरीदकोट में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी हुई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे। मौसम विभाग ने 8 सितंबर को राजस्थान में भारी बारिश की संभावना जताई है। यहां के बारां, सवाई माधोपुर, चुरू, कोटा, करौली, धौलपुर, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। जयपुर में 8 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में 8 सितंबर को बारिश-आंधी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। यहां के सिवनी, अनूपपुर, दमोह, विदिशा, होशंगाबाद, खरगोन, बेतुल, मांडला, शहडोल, खंडवा, नरसिंहपुर, देवास, हर्दा, इंदौर और सागर में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी। वहीं, भोपाल में 8 सितंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा तो न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा।
छत्तीसगढ़ में भी 8 सितंबर को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी हुआ है। यहां के रायपुर, सूरजपुर, सरगुजां, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। ओडिशा में भी मौसम विभाग ने 8 सितंबर के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। यहां के क्योंझर, बलांगिर, भुवनेश्वर, सुंदरगढ़, भद्रक, मयूरभंज, पुरी और बालासोर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।

















