भारत

आंखों में रोशनी नहीं, लेकिन आवाज में जुनून; सुनील लोधी के भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ ने फिल्म को बनाया ब्लॉकबस्टर

सुनील बुंदेलखंड की लोक और भजन परंपरा से जुड़े हुए हैं। हाथ में पारंपरिक तंबूरा लेकर वह धार्मिक आयोजनों, स्थानीय कार्यक्रमों, गांव की चौपालों में भजन और बुंदेली लोकगीत गाया करते थे।

Published by
सुनीता मिश्रा

मध्य प्रदेश के दृष्टिबाधित लोकगायक सुनील लोधी फिल्म ‘हनुमान अंश’ में अपने भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ के चलते सुर्खियों में हैं। सुनील लोधी (25) सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले हैं। जन्म से आंखों की रोशनी नहीं होने के बावजूद उन्होंने संगीत को अपनी ताकत बनाया। गांव-कस्बों, स्कूल और भजन मंडलियों में गाने वाले सुनील की मधुर आवाज ने आज उन्हें बड़े पर्दे तक पहुंच दिया। ‘नीम करोली बाबा’ के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ में उनका गाया भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ इन दिनों लोगों की जुबान पर है। यूट्यूब पर इसे करोड़ों व्यूज मिले हैं और इंस्टाग्राम पर इस भजन की कई रील्स वायरल हो रही हैं। तंबूरा की धुन पर गाए इस भजन ने न केवल आम जनता का ध्यान खींचा, बल्कि मुंबई के म्यूजिक वर्ल्ड तक अपनी धमक पहुंचाई।

परिवार के गुजारे के लिए ट्रेनों में भी गाया

सुनील बुंदेलखंड की लोक और भजन परंपरा से जुड़े हुए हैं। हाथ में पारंपरिक तंबूरा लेकर वह धार्मिक आयोजनों, स्थानीय कार्यक्रमों, गांव की चौपालों में भजन और बुंदेली लोकगीत गाया करते थे। आर्थिक परिस्थितियां ऐसी थीं कि उन्हें कई बार ट्रेनों में गाकर अपने परिवार का गुजारा करना पड़ा। उनके पास न कोई बड़े संगीत इंस्टीट्यूट की डिग्री थी और न फिल्मी दुनिया में कोई मजबूत संपर्क। था तो केवल अपनी आवाज पर भरोसा और आगे बढ़ने का जुनून।

अटूट भक्ति ने उनके भजनों में रस भरा

सुनील बताते हैं कि एक बार वह गांव के नाले के पास रास्ता भटक गए थे। जब उन्होंने हारकर भगवान से शिकायत की, तभी एक भंवरा उनके कान के पास मंडराने लगा। सुनील ने भंवरे की आवाज की दिशा पकड़ी और सही-सलामत घर पहुंच गए। इसी अटूट भक्ति ने उनके भजनों में वह रस भरा, जिसने आज करोड़ों दिलों को छू लिया है। सुनील की जिंदगी में बड़ा मोड़ 2019 में सोशल मीडिया से आया, जब उनके बुंदेली भजनों की रिकॉर्डिंग लोगों तक पहुंचने लगी।

भजन में भगवान हनुमान के प्रति आस्था और समर्पण की भावना

‘बुंदेली दुनिया’ के रोहित साहू (जिन्हें सुनील मामा कहते हैं) ने उनके हुनर को सोशल मीडिया पर उतारा। ‘दूल्हा बनके आ गव ठेला’ गीत गाकर चर्चा में आए सुनील ने इसके बाद ‘मोरे संकट के कटैया हनुमान’ भजन गाया, जो करोड़ों लोगों तक पहुंचा। उनकी आवाज संगीतकार पंकज तक भी पहुंची। उन्होंने सुनील की रिकॉर्डिंग सुनी। भक्ति भाव से भरी आवाज से वह बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने सुनील लोधी के साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ में काम करने का फैसला किया। उन्होंने गायक से संपर्क कर उन्हें मुंबई बुलाया। मुंबई के ‘साईं बाबा स्टूडियो’ में सुनील ने एक के बाद एक करीब 8 गाने रिकॉर्ड किए। इनमें से एक हनुमान अंश का भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ रिलीज हो चुका है और दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। भजन में भगवान हनुमान के प्रति आस्था, भरोसे और समर्पण की भावना है। बुंदेली लोकभाषा और सुनील की सहज, भावपूर्ण आवाज ने इसे अलग पहचान दी।

हनुमान अंश 2026 की दूसरी ब्लॉकबस्टर फिल्म

नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ फिल्म ने शुरुआत में महज करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ के कारण इसकी कमाई लगातार बढ़ती गई। 25 दिनों में फिल्म के करीब 53.43 करोड़ रुपये कमाने की रिपोर्ट है, जबकि इसका बजट करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने हनुमान अंश को ‘धुरंधर 2’ के बाद 2026 की दूसरी ब्लॉकबस्टर फिल्म बताया है।

Share