विश्व

नेपाल में बाढ़: प्रधानमंत्री मोदी ने बालेंद्र शाह से की बात, भारत जल्द भेजेगा राहत सामग्री, इमरजेंसी नंबर जारी

भारतीय दूतावास ने बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं। भारतीय नागरिक +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं।

Published by
Panchjanya

नई दिल्ली। नेपाल में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न हालात के बीच भारत सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए जल्द से जल्द राहत सामग्री भेजने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह से फोन पर बात की और कहा कि भारत नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है।

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। भारतीय नागरिक +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं।

पीएम मोदी ने बालेंद्र शाह से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह से बात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया, ‘बालेंद्र शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की। इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल में अपने भाई-बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं।’

बाढ़ से नेपाल में भारी नुकसान

नेपाल के तिब्बत सीमा के पास स्थित रसुवा जिले में बुधवार को भोटेकोसी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तिब्बती क्षेत्र की ओर ग्लेशियर में अचानक पानी बढ़ने और हिमस्खलन को इस बाढ़ की संभावित वजह माना जा रहा है। बाढ़ से कई गांवों, सड़कों, पुलों और जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में करीब 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित भारतीयों के परिजनों की सहायता के लिए संपर्क व्यवस्था सक्रिय की गई है।

 

Share