
MP Weather
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर चल रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं हल्की बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर भिंड, दतिया और सागर में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
बुधवार को भिंड, दतिया और सागर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कम समय में काफी ज्यादा बारिश होने की संभावना है। वहीं ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, दमोह, मैहर और सिवनी में भी भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में ढाई इंच से ज्यादा पानी गिरने का अनुमान है।
भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, मुरैना और श्योपुर में भी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, मंडला, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर समेत कई जिलों में भी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में इस मानसूनी सीजन में अब तक करीब 648.7 मिलीमीटर यानी 25.5 इंच बारिश हुई है। जबकि इस समय तक सामान्य तौर पर करीब 727.9 मिलीमीटर यानी 28.6 इंच बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक करीब 3.1 इंच कम बारिश हुई है। करीब 40 जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है, जबकि 15 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश में मौसम सिस्टम सक्रिय है और अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।