उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी समद कुरैशी पर सोशल मीडिया के जरिए एक नाबालिग हिंदू लड़की को निशाना बनाने और उसे परेशान करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल दिल्ली में रह रहा था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। घटना से जुड़े कुछ दावे और आरोपी का कथित रिकॉर्डेड बयान भी सामने आया है, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
सामने आए कथित रिकॉर्डेड वीडियो में समद कुरैशी ने दावा किया कि वह पैसों के लालच में सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों को निशाना बनाता था। उसके अनुसार, इस काम के लिए उसे करीब 30 हजार से 35 हजार रुपये तक मिले। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर कुछ लोगों के नाम भी लिए। इनमें “सोनू भाई, साबिर भाई, रेहान भाई, शोएब भाई और मुन्ना भाई” जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बताए गए लोगों की इस मामले में कोई भूमिका थी या नहीं।
पीड़िता ने बताई पूरी घटना
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर “अमन” नाम से उससे संपर्क किया था। शुरुआत में उसने दोस्ती करने के इरादे से लगातार संदेश भेजे। जब लड़की ने बातचीत में रुचि नहीं दिखाई, तो आरोपी ने कथित तौर पर दूसरा इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और उससे संपर्क करने की कोशिश की। पीड़िता ने उस अकाउंट को भी ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसके स्कूल तक पहुंच गया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे एक निर्माणाधीन इमारत में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती करने और किस करने की कोशिश की। इसी दौरान लड़की का भाई मौके पर पहुंच गया। उसने आरोपी का सामना किया और अपनी बहन को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।















