संभल जिले के बहजोई में एक दंपती के धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। पति-पत्नी ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने का दावा किया है। इसके बाद मां भगवंतपुरवाली देवी मंदिर में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से दोबारा शादी की रस्म पूरी की। पति ने अपना नाम कप्तान खान से कप्तान सिंह और पत्नी ने मुस्कान से मुस्कान देवी रखने की बात कही है। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनके नाम बदलने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रेम विवाह के बाद अपनाया था इस्लाम, अब पत्नी संग सनातन धर्म में लौटे
कप्तान सिंह के अनुसार, वर्ष 2010 में पश्चिम बंगाल में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात मुस्कान से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। उनका कहना है कि मुस्कान के परिवार की सहमति के लिए उन्होंने वर्ष 2011 में इस्लाम मत अपनाया और अपना नाम कप्तान खान रख लिया। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनके नाम मोहम्मद सोहेल खान, रोहन खान और सुनैना खान बताए गए हैं। कप्तान सिंह का कहना है कि धर्म बदलने के बाद उनके परिवार ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। परिवार की ओर से हिंदू धर्म में लौटने के बाद ही संबंध रखने की बात कही गई थी। इसी कारण वह लंबे समय तक परिवार से दूर रहे। कप्तान सिंह के अनुसार, पत्नी से बातचीत के बाद दोनों ने अपनी इच्छा से दोबारा सनातन धर्म अपनाने का फैसला किया। मंदिर में हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह की रस्म पूरी करने के बाद दोनों ने नए नाम रखने की जानकारी दी।
कप्तान सिंह ने बताया कि वह करीब आठ वर्षों से संभल के आलोट गांव के एक ठेकेदार के यहां मजदूरी कर रहे थे। कुछ समय पहले जमा रकम मांगने को लेकर ठेकेदार से विवाद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उन्हें धमकी दी गई। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पत्नी से बातचीत की और सनातन धर्म में लौटने का निर्णय लिया। दंपती ने धर्म परिवर्तन की जानकारी देते हुए संभल जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। वकील रवि शंकर के अनुसार, पत्र में पति-पत्नी और बच्चों के नाम बदलने की जानकारी भी दी गई है। कप्तान सिंह के मुताबिक, बड़े बेटे का नाम मोहम्मद सोहेल खान से कुणाल सिंह और छोटे बेटे रोहन खान से विवेक सिंह रखने की तैयारी है, जबकि बेटी का नाम सुनैना ही रखा जाएगा। दंपती ने इसे अपनी इच्छा और सहमति से लिया गया फैसला बताया है।

















