नई दिल्ली। दिल्ली दंगे के दोषी और कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार (80) की गुरुवार को मौत हो गई। सज्जन कुमार को सिख विरोधी दंगों के तीन में से दो मामलों में दोषी ठहराया गया था।
सज्जन कुमार के करीबी नेताओं के मुताबिक, तिहाड़ जेल में तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सज्जन कुमार पर साल 1984 के सिख विरोधी दंगें में भीड़ को उकसाने और हत्या के आरोप लगे थे। दिल्ली हाई कोर्ट ने 17 दिसंबर 2018 को पालम कॉलोनी मामले में उन्हें दोषी ठहराया और उम्रकैद की सजा सुनाई। फरवरी 2025 में राउज एवेन्यू कोर्ट ने सरस्वती विहार मामले में भी दोषी करार दिया और उम्रकैद की सजा दी।
उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर 1984 को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद एक नवंबर से दिल्ली समेत कई हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क गए थे। दंगों के 21 साल बाद 2005 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संसद में माफी मांगते हुए कहा था कि इस घटना से उनका सिर शर्म से झुक जाता है।

















