अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के काफलीखान गांव निवासी युवा नवाचारक रवि टम्टा ने अपनी तकनीकी प्रतिभा से एक और उपलब्धि हासिल की है। इलेक्ट्रिक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल के विकास और परीक्षण के लिए उन्हें इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से उभरता हुआ इन्फ्लुएंसर प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।
प्रमाणपत्र में रवि टम्टा को HAPIDA SKYNeX नामक सिंगल-सीटर इलेक्ट्रिक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल के विकास और टेस्ट-फ्लाइंग के लिए सम्मानित किए जाने का उल्लेख है। प्रमाणपत्र के अनुसार, यह प्रोजेक्ट ग्रासरूट स्तर पर किए गए नवाचार और इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल तकनीक के विकास से जुड़ा है।
रवि टम्टा के शोध और प्रयोग
रवि टम्टा ने अपने स्टार्टअप हापिडा स्काई प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से इस प्रोटोटाइप पर लंबे समय तक शोध और प्रयोग किए हैं। अगस्त 2026 में HAPIDA SKYNeX के सफल परीक्षण के बाद उनका यह नवाचार देशभर में चर्चा में आया। खास बात यह है कि रवि ने इंटरनेट और सेल्फ-स्टडी के माध्यम से तकनीकी जानकारी हासिल कर अपने गांव से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया। उनका कहना है कि इस तरह की तकनीक भविष्य में पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन को आसान बनाने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकती है।
रवि टम्टा की इस उपलब्धि ने एक बार फिर उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा और पहाड़ों में मौजूद ग्रासरूट इनोवेशन की ताकत को सामने रखा है। हालांकि HAPIDA SKYNeX अभी प्रोटोटाइप और परीक्षण चरण में है, लेकिन इसकी सफल टेस्ट उड़ान ने व्यक्तिगत हवाई परिवहन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों केंद्रीय उड्डयन मंत्री के आर एम नायडू ने भी रवि टम्टा को अपने यहां बुलाकर उनके प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से चर्चा की थी। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी अपने क्षेत्र के रहने वाले रवि टम्टा का हौसला बढ़ाया। जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉल करके युवा को बधाई दी थी।














