
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांगें पूरी न होने पर आंदोलन अब और तेज हो गया है। यह आंदोलन अब 22वें दिन पर पहुंच चुका है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें हजारों छात्र शामिल हुए। कुछ छात्र व्हीलचेयर पर बैठकर भी इसमें हिस्सा ले रहे थे, जो भूख हड़ताल पर हैं। यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई और अल्बर्ट एक्का चौक पर खत्म हुई।
इस यात्रा के बाद मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का एलान किया है। छात्र नेताओं ने कहा कि वे रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले भी जलाएंगे। उनका आरोप है कि सत्ताधारी जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठा रही है।
इसे भी पढ़ें: मौसम विभाग की चेतावनी: दिल्ली-UP-बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि 20 अगस्त को सीएम आवास घेरेंगे। उन्होंने बताया कि जेएमएम और कांग्रेस दोनों राजनीति कर रहे हैं, इसलिए उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है। अगर मुख्यमंत्री बात नहीं सुनते तो राहुल गांधी गठबंधन से समर्थन वापस ले लें।
देवेंद्र महतो को अस्पताल से बाहर नहीं जाने दिया आंदोलन के छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल में थे। वे तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने स्वास्थ्य का हवाला देकर उन्हें सदर अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। समर्थकों का आरोप है कि देवेंद्र को जबरन रोका गया।
इसके बावजूद अन्य छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच तिरंगा यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में छात्र स्टेडियम में जुटे थे। वार्ता और मांगेंसरकार के साथ तीन दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन गतिरोध अभी भी बना हुआ है। छात्र परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। आंदोलन जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में केंद्रित है।