नई दिल्ली। JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मामलों की CBI जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आज देशभर में व्यापक आंदोलन किया। नई दिल्ली में वसंत विहार स्थित झारखंड भवन के बाहर एबीवीपी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर झारखंड सरकार से परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। दिल्ली के साथ लखनऊ, कोलकाता, गुवाहाटी, अगरतल्ला, जयपुर, हैदराबाद, अहमदाबाद, सूरत, गोरखपुर, जोधपुर, कोटा, रायपुर, भुवनेश्वर, वाराणसी, प्रयागराज सहित देश के अनेक प्रमुख केंद्रों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में भी प्रदर्शन आयोजित किए गए।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठीचार्ज
JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरुद्ध झारखंड के विद्यार्थी पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। 10 और 11 अगस्त को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज, वॉटर कैनन के प्रयोग एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद आज देशभर में हुए प्रदर्शनों के माध्यम से एबीवीपी ने झारखंड सरकार से विद्यार्थियों की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का आह्वान किया। जांच के लिए गठित SIT में बार-बार बदलाव से जांच प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर प्रश्न उत्पन्न हुए हैं। ऐसे में JPSC एवं JSSC से संबंधित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय CBI जांच कराना आवश्यक है। साथ ही, JSSC CGL परीक्षा की शुचिता पर उठे गंभीर सवालों के मद्देनजर इसे तत्काल रद्द किया जाए तथा जिन परीक्षाओं में अनियमितताएं सामने आई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष CBI जांच की मांग
एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि, “JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं के संबंध में अभाविप की स्पष्ट मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए, JSSC CGL सहित जिन परीक्षाओं की शुचिता पर गंभीर प्रश्न उठे हैं उन्हें रद्द कर पुनः परीक्षा कराई जाए तथा दोषियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वसनीयता विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। सरकार को विद्यार्थियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करते हुए परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक संस्थागत सुधार सुनिश्चित करने चाहिए।”
विद्यार्थियों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है एबीवीपी
एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तकियार ने कहा कि, “झारखंड के विद्यार्थी अपने न्यायसंगत अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अभाविप विद्यार्थियों की मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जब तक विद्यार्थियों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक अभाविप का लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा। सरकार को विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।”
एबीवीपी दिल्ली के प्रदेश मंत्री श्री सार्थक शर्मा ने कहा कि, “JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरुद्ध झारखंड के विद्यार्थियों का संघर्ष अकेला नहीं है। आज दिल्ली सहित देशभर में हुए अभाविप के प्रदर्शन यह स्पष्ट करते हैं कि देशभर की विद्यार्थी शक्ति उनके साथ खड़ी है। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर विषय पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। अभाविप झारखंड के विद्यार्थियों के न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ पूर्ण एकजुटता के साथ खड़ी है।”

















