पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्तियों को 30.200 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर सरहद पार के एक बड़े नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से हेरोइन की बड़ी खेप बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव वल्ले शाह उताड़, फाजिल्का और मनप्रीत सिंह निवासी गांव नवां हस्ता, फाजिल्का के रूप में हुई है। हेरोइन की यह बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों द्वारा तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (पीबी-05-एएस-9856) भी जब्त कर लिया है।
सरहद पार के तस्करी नेटवर्क से संबंधों की जांच जारी
डी.जी.पी. ने बताया कि सरहद पार के तस्करी नेटवर्क के साथ इस मॉड्यूल के संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
फाजिल्का के सतीरवाला के नजदीक चलाया गया विशेष ऑपरेशन
ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए ए.आई.जी. सी.आई. फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने फाजिल्का के हिंदूमलकोट रोड पर स्थित गांव सतीरवाला के नजदीक बी.एस.एफ. फाजिल्का के साथ मिलकर विशेष ऑपरेशन चलाया।
मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों से 30.200 किलो हेरोइन बरामद
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस पार्टी ने मोटरसाइकिल पर जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू कर लिया, जिनके कब्जे से 30.200 किलो हेरोइन बरामद हुई।
आगे और गिरफ्तारियां व बरामदगी की संभावना
ए.आई.जी. ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.) फाजिल्का में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 21-सी, 25 और 29 के तहत एफ.आई.आर. नंबर 14 दिनांक 7 अगस्त दर्ज की गई है।











