
वाराणसी । सिगरा पुलिस ने मजहब और पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, हिंदू नाम बताकर शादी करने, कन्वर्जन कराने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित एक आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सिगरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस आयुक्त के अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के निर्देशन में सिगरा थाना पुलिस ने आरोपी सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान (32) पुत्र मकबूल खान को श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का स्थायी पता रामापुरा नई बस्ती, थाना लक्सा तथा अस्थायी पता निराला नगर लेन नंबर-12 स्थित बालाजी अपार्टमेंट, थाना सिगरा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पहले भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इनमें वर्ष 2024 में लक्सा थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने तथा वर्ष 2021 में सिगरा थाने में मारपीट, तोड़फोड़ और घर में घुसकर हमला करने का मामला शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2026 में दर्ज वर्तमान मुकदमे में मजहब और पहचान छिपाकर शादी करने, कन्वर्जन कराने तथा दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं।