उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने कहा है कि सांसद पप्पू यादव के ऊपर 30 से अधिक आपराधिक मामले रहे, जिनमें अजीत सरकार की हत्या का मामला भी शामिल है, जिसमें इन्हें आजीवन कारावास मिला।
उन्होंने कहा कि पप्पू यादव 5 साल पटना जेल में रहे। उनके ऊपर हत्या, रंगदारी, फिरौती के लिए अपहरण और हत्या के प्रयास जैसे 30 मामले दर्ज हैं। उनका आरोप है कि यह व्यक्ति प्रभु राम के फोटो को जमीन पर रगड़कर लाल टोपी वाले अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद का पैर छू रहा है।
राम और हिंदुत्व विरोधियों के एकजुट होने का लगाया आरोप
बृजलाल ने कहा कि इस नौटंकी में सभी राम और हिंदुत्व विरोधियों का जमघट है। राहुल गांधी भी इसमें शामिल हैं, जिनकी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ-पत्र देकर भगवान राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था।
उन्होंने कहा कि लाल टोपी वालों के नेता ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। कई लोग कहने लगे हैं कि मुलायम सिंह ने खुद गोलियां नहीं चलवाईं, लेकिन इन लोगों को मालूम होना चाहिए कि चुनावी सभाओं में मुलायम सिंह यादव रामभक्तों पर गोलियां चलवाने का श्रेय लेते रहे। सांसद रामगोपाल यादव ने संसद में कहा था कि रामभक्त गुंबद पर चढ़ तो गए, परंतु उतर नहीं पाए, चिपका दिए गए।
पप्पू यादव, राहुल गांधी और सपा पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि आपराधिक छवि वाले पप्पू यादव के इस नाटक में राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के लोग शामिल थे, जो राम और हिंदुत्व विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जो आज तक अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने नहीं गए, कहीं मुस्लिम वोट बैंक नाराज न हो जाए।
अयोध्या श्रीराम मंदिर को बदनाम करने का लगाया आरोप
बृजलाल ने कहा कि अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में सरकार ने आरोपियों को जेल भेजा है और एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राम विरोधियों के निशाने पर अयोध्या का श्रीराम मंदिर है, जिसे बदनाम करना इनका लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि आज पप्पू यादव को लोकसभा अध्यक्ष ने भी लताड़ा है, लेकिन ये राम विरोधी तत्व विरोध करने में जुटे हैं। आज पप्पू यादव और राम विरोधियों ने प्रभु राम, हिंदुओं और साधु-संतों का अपमान किया है, जिसे माफ नहीं किया जा सकता।











