उत्तर प्रदेश

‘मेरा अपहरण नहीं हुआ…’ लापता काजल का VIDEO वायरल, प्रेमी संग शादी का दावा

काजल ने अपने अपहरण की बात को पूरी तरह गलत बताया है। उसका कहना है कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी ठाकुर ओम सिंह के साथ गई है।

Published by
Mahak Singh

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र से एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। कई दिनों से लापता 21 वर्षीय काजल मंसूरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में काजल ने अपने अपहरण की बात को पूरी तरह गलत बताया है। उसका कहना है कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी ठाकुर ओम सिंह के साथ गई है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदू रीति से शादी करने का दावा

वीडियो में काजल ने बताया कि वह और ओम सिंह पिछले छह साल से एक-दूसरे से प्यार करते हैं। उसने कहा कि परिवार को उनके रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन घरवाले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। काजल का आरोप है कि उसकी शादी किसी दूसरे युवक से कराई जा रही थी। इसी वजह से उसने घर छोड़ने का फैसला लिया। काजल ने यह भी दावा किया है कि उसने ओम सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। दोनों ने अपने रिश्ते को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए हाईकोर्ट में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन भी किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।

वीडियो में काजल ने अपने परिवार पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उसका कहना है कि उसके घरवाले उसे और उसके पति ओम सिंह को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। इसलिए उसने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पूरा मामला 7 जुलाई की रात का है, जब काजल अपने घर से लापता हो गई थी। अगले दिन उसके पिता ने कालपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने ओम सिंह पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कालपी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कमल ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को है, लेकिन केवल वीडियो के आधार पर कोई फैसला नहीं लिया जा सकता। पुलिस की टीमें युवती की तलाश में लगी हैं। बरामद होने के बाद काजल को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा, जहां धारा 164 के तहत उसके बयान दर्ज होंगे। इसके बाद सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

Recent News