साइबर अपराधी लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए लगातार सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी क्रम में फेसबुक पर एक ऑनलाइन विज्ञापन तेजी से वायरल हो रहा है। ये पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का इस्तेमाल करके बनाया गया है। AI से बनी वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर दिखाए गए हैं। वे एक निवेश प्लेटफॉर्म की तारीफ करते हुए कहते नजर आ रहे हैं। दावा है कि सिर्फ 22,000 रुपये लगाने पर रोजाना 1 लाख रुपये तक और महीने में 30 लाख रुपये तक का फायदा हो सकता है।
ये वीडियो पूरी तरह फर्जी है
PIB फैक्ट चेक की जांच में साफ हो गया है कि ये वीडियो AI टूल की मदद से बनाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर या भारत सरकार ने इस तरह के किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म या स्कीम को कभी मंजूरी नहीं दी, प्रमोट नहीं किया और न ही इसका समर्थन किया है।
घोटालेबाज कैसे काम करते हैं
फैक्ट चेक एजेंसी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे ठग अक्सर AI से बनी वीडियो बनाते हैं। उनमें बड़े नेताओं या मशहूर हस्तियों को फर्जी तरीके से दिखाते हैं। फिर बहुत ज्यादा रिटर्न का लालच देते हैं। लोग जल्दी पैसा कमाने की उम्मीद में अपना पैसा और व्यक्तिगत जानकारी शेयर कर देते हैं।

















