इसे कहते हैं जब बाड़ ही खेत को खाए। पंजाबी में इस मुहावरे का समानार्थी मुहावरा है चोर नाल कुत्ती रली अर्थात चोर के साथ घर की रखवाली करने वाली कुत्ती की मिलीभुगत। पंजाब पुलिस के एक इंस्पेक्टर पर आरोप है कि उसने गैंगस्टरों के साथ मिल कर अमेरिका के एक परिवार से करोड़ों की फिरौती मांगी। अमेरिका में उक्त इंस्पेक्टर को इस केस में नामजद किया गया है।
केस में फंसाने की दी धमकी
अमेरिका प्रकीमुख जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर और टांडा (जिला होशियारपुर) के तत्कालीन एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा को एक अंतरराष्ट्रीय उगाही और धोखाधड़ी के मामले में संघीय अभियोग में नामजद किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक अमेरिकी परिवार से 4 लाख डॉलर (करीब 3.3 करोड़ रुपये) की वसूली के लिए हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
जग्गु भगवानपुरिया के साथ मिल कर किया काण्ड
लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अनसील किए गए अभियोग के अनुसार, इंस्पेक्टर नागरा ने कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया के अपराध सिंडिकेट के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया। जांच में दावा किया गया है कि कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में बैठे सिंडिकेट सदस्य ने पीडि़त परिवार की जानकारी भारत भेजी, जिसके बाद उनके भारत में रहने वाले रिश्तेदारों को हत्या के झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी गईं।
अपराध सिंडीकेट भ्रष्ट अधिकारियों का कर रहा दुरुपयोग
एफबीआई के अनुसार, अप्रैल 2026 में पीड़ित परिवार के मुखिया को सीधे संदेश दिया गया कि यदि 4 लाख डॉलर का भुगतान नहीं किया गया तो परिवार के तीन सदस्यों को हत्या के मामले में आरोपी बना दिया जाएगा। अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि यह अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट द्वारा भारत में बैठे कथित भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों का इस्तेमाल कर विदेशों में रहने वाले लोगों से करोड़ों रुपये की उगाही करने का सुनियोजित तरीका था।
अपराध व भ्रष्टाचार का खतरनाक गठजोड़
अमेरिकी न्याय विभाग ने इस मामले को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और स्थानीय भ्रष्टाचार के खतरनाक गठजोड़ का उदाहरण बताया है। विभाग का कहना है कि ऐसे नेटवर्क कानून व्यवस्था का दुरुपयोग कर विदेशों में बसे लोगों को डराकर भारी रकम वसूलने की कोशिश करते हैं।
पंजाब पुलिस की छवि पर सवाल
यदि अदालत में ये आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह मामला केवल एक पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब पुलिस की छवि, जवाबदेही और संगठित अपराध के साथ कथित संबंधों पर भी गंभीर बहस छेड़ सकता है।
खतरनाक ट्रैंड
पंजाब में चल रहे नशा तस्करी व गैंगस्टरवाद में मोटी काली कमाई के चलते पंजाब पुलिस के लोग भी इस ओर मुड़ रहे लगते हैं। इंस्पेक्टर नागरा के अतिरिक्त अनेक पुलिस वाले नशे की तस्करी में गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस पर रह रह कर मोटी रकम लेकर तस्करों को छोडऩे या केस कमजोर करने के आरोप भी लगते रहे हैं।














