कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को तकनीकी अपग्रेड और डेटाबेस माइग्रेशन के बाद फिर से शुरू कर दिया है। नया पोर्टल पहले से ज्यादा तेज और सुरक्षित बनाया गया है, लेकिन इसके साथ ही करोड़ों EPF खाताधारकों के लिए एक बड़ा बदलाव भी किया गया है। अब पोर्टल पर मिलने वाली दो अहम सुविधाएं हटा दी गई हैं। ऐसे में अगर आप भी EPF खाते का इस्तेमाल करते हैं, तो यह नया नियम जानना आपके लिए बेहद जरूरी है।
EPFO पोर्टल पर बड़ा बदलाव
EPFO के नए अपडेट के अनुसार अब UAN Activation और New UAN Generation की सुविधा यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होगी। पहले कर्मचारी इन दोनों कामों को सीधे पोर्टल के जरिए कर सकते थे, लेकिन अब इसके लिए UMANG ऐप का इस्तेमाल करना होगा। संगठन का कहना है कि यह बदलाव डिजिटल सेवाओं को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए किया गया है। अगर किसी कर्मचारी को अपना UAN एक्टिवेट करना है या नया UAN बनवाना है, तो उसे सबसे पहले अपने मोबाइल में UMANG ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। पहचान पूरी होने के बाद ही UAN एक्टिवेशन या नया UAN जनरेट किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- PF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब सिर्फ 3 दिन में मिलेगा क्लेम का पैसा, EPFO ने बदले नियम
हालांकि, पोर्टल से केवल दो सेवाएं हटाई गई हैं। बाकी सभी जरूरी सुविधाएं पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी। सदस्य पहले की तरह अपना UAN खोज सकते हैं, EPF खाते की जानकारी देख सकते हैं और डेथ क्लेम जैसी सेवाओं का भी लाभ ले सकते हैं। यानी सामान्य कामों के लिए यूनिफाइड मेंबर पोर्टल का इस्तेमाल पहले की तरह जारी रहेगा। EPFO के अनुसार हाल ही में सिस्टम का बड़ा तकनीकी अपग्रेड किया गया है, जिससे पोर्टल की कार्यक्षमता और सुरक्षा पहले से बेहतर हो गई है। फिलहाल कुछ सेवाओं की प्रोसेसिंग चरणबद्ध तरीके से की जा रही है ताकि सभी रिकॉर्ड सुरक्षित और सही तरीके से अपडेट हो सकें। ऐसे में जिन कर्मचारियों को भविष्य में UAN एक्टिवेट करना है या नया UAN बनवाना है, उन्हें पहले से UMANG ऐप डाउनलोड कर लेना चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि उनका आधार मोबाइल नंबर से लिंक हो, ताकि फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।















