तेहरान/यरूशलम। पश्चिम एशिया में संघर्ष के बाद शांति वार्ता काे लेकर किए जा रहे प्रयास के बीच इजरायली सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि ईरान के साथ युद्ध के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में इजरायल की आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली तैनात की गई थी। इस बयान ने दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को लेकर चल रही चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
ईरान की सरकारी समाचार मीडिया संगठन प्रेस टीवी व अन्य मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इजरायल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने सेना के रेडियो स्टेशन गाली तज़ाहल को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि यूएई को बैलिस्टिक मिसाइलों के खतरे से निपटने के लिए इजरायल का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यूएई ने मिसाइल खतरे की गंभीरता को समझते हुए इज़राइल के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाया है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इससे पहले अमेरिकी मीडिया ने भी इजरायली सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान के साथ युद्ध की शुरुआत में ही इजरायल ने यूएई में आयरन डोम सिस्टम के साथ उसे संचालित करने के लिए सैन्यकर्मियों को भेजा था।















