पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट इलाके में एक बड़ा हमला हुए है। इसकी जिम्मेदारी बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। बीएलएल ने दावा किया है कि इस हमले में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मी मारे गए और कई घायल हुए। हमला शुक्रवार शाम को हुआ।
हमले का तरीका
BLA की एलीट यूनिट मजीद ब्रिगेड ने यह ऑपरेशन किया। उनके मुताबिक, अट्टाउल्लाह बलोच उर्फ अजमल नाम के एक व्यक्ति ने विस्फोटक भरी एक माजदा ट्रक को जिवानी के पनवान इलाके में कोस्ट गार्ड कैंप में घुसा दिया। यह घटना स्थानीय समय शाम करीब 6:32 बजे हुई। ट्रक के अंदर विस्फोट होने से कैंप में भारी तबाही हुई। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने बयान में कहा कि मजबूत बनाया गया यह कोस्ट गार्ड कैंप पूरी तरह मलबे का ढेर बन गया।
BLA की मीडिया विंग हक्काल ने 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें ट्रक कैंप में घुसता दिख रहा है। बाद के फुटेज में कैंप के बड़े हिस्से के नष्ट होने की तस्वीरें हैं।
हमले के बाद ग्राउंड अटैक
ट्रक बम विस्फोट के तुरंत बाद BLA की फतेह स्क्वॉड ने कैंप पर हमला बोला। समूह के बयान के अनुसार, उनके लड़ाकों ने चारों तरफ से कैंप में घुसकर बचे हुए सुरक्षा कर्मियों से नजदीकी लड़ाई लड़ी। BLA का दावा है कि इस पूरी कार्रवाई में 30 से ज्यादा सुरक्षा कर्मी मारे गए। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि मलबे में फंसे और घायल लोगों की हालत गंभीर होने से मौतों की संख्या और बढ़ सकती है।
BLA का आगे का प्लान
समूह ने कहा कि वे जल्द ही इस हमले का पूरा विस्तृत ब्योरा अपने आधिकारिक चैनलों पर जारी करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उनका सशस्त्र अभियान उसी तीव्रता से जारी रहेगा, जब तक उन्हें बलोचिस्तान की पूरी आजादी नहीं मिल जाती।
















