
epfo
देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने EPFO 2.01 नाम का नया डिजिटल सिस्टम लागू कर दिया है। इस नए सिस्टम का मकसद पीएफ (Provident Fund) से जुड़े सभी कामों को पहले से आसान, तेज और पारदर्शी बनाना है। अब कर्मचारियों को पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और कई काम ऑनलाइन ही पूरे हो जाएंगे।
अब तक पीएफ से पैसा निकालने के लिए कई नियमों का पालन करना पड़ता था। कई बार कर्मचारियों को पैसे निकालने की वजह भी बतानी पड़ती थी। इसके अलावा क्लेम की प्रक्रिया में भी काफी समय लग जाता था, क्योंकि फाइलें अलग-अलग EPFO कार्यालयों में भेजी जाती थीं। नए सिस्टम के आने के बाद यह पूरी प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगी, जिससे क्लेम का निपटारा पहले की तुलना में काफी तेजी से होगा। इस नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कर्मचारी अपने पीएफ खाते में जमा कुल राशि का 75 प्रतिशत तक पैसा बिना कोई कारण बताए निकाल सकेंगे। इस राशि में कर्मचारी और कंपनी, दोनों का योगदान और उस पर मिलने वाला ब्याज शामिल होगा। सरकार का कहना है कि इससे जरूरत के समय लोगों को जल्दी आर्थिक मदद मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें- अगर आपका PF कटता है तो ये खबर जरूर पढ़ें! ब्याज को लेकर आया बड़ा अपडेट
सरकार जल्द ही पीएफ की रकम UPI के जरिए निकालने की सुविधा भी शुरू करने वाली है। हालांकि यह सुविधा 2 जुलाई से उपलब्ध नहीं होगी। बताया गया है कि नया सिस्टम पूरी तरह शुरू होने के लगभग 7 से 10 दिन बाद यह सुविधा शुरू की जाएगी। इसके बाद कर्मचारी अपने बैंक खाते के साथ UPI लिंक करके पीएफ का पैसा सीधे अपने खाते में प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा भविष्य में एटीएम के जरिए भी पीएफ की रकम निकालने की सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। इससे कर्मचारियों को और अधिक सुविधा मिलेगी और उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।