चमोली: सनातन में पवित्र स्थान माने जाने वाले ज्योर्तिमठ में अवैध रूप से मदरसा संचालित किए जाने की खबर से स्थानीय हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों ने वहां पहुंच कर अपना गुस्सा जाहिर किया साथ ही पुलिस प्रशासन को जानकारी देते हुए चेताया कि शंकराचार्य पीठ स्थल की सनातन की नगरी में ये कृत्य सहन नहीं किए जायेंगे।
जानकारी के मुताबिक, एक मकान में एक व्यक्ति द्वारा मुस्लिम बच्चों को इस्लाम की तालीम दी जा रही थी। ये खबर सुनकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे जहां उन्होंने बच्चों को धार्मिक शिक्षा देते हुए एक व्यक्ति से पूछताछ की। पूछताछ में जानकारी मिली कि उसे बच्चों को धार्मिक तालिम दिए जाने के बारह हज़ार रुपये दिए जाते हैं। कमरे में धार्मिक पुस्तकें, कापी किताबें आदि शिक्षा से जुड़े प्रपत्र पाए गए।
ज्योतिर्मठ में सहन नहीं अवैध मदरसे
बजरंग दल के नेता पवन राठौर ने कहा कि जोशीमठ ज्योर्तिमठ में इस तरह के अवैध मदरसे सहन नहीं किए जा सकते। हिंदूवादी नेता शुभम रावत ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में संवेदनशीलता को दरकिनार करते हुए बिना प्रशासन की अनुमति के मदरसे संचालित किए जा रहे हैं। हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों के द्वारा इस बारे में नगर पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। जिलाधिकारी गौरव कुमार सिंघल ने बताया कि प्रकरण की जांच एसडीएम द्वारा की जा रही है ,यदि वो अवैध है तो उसे संचालित किए जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।











