
प्रतीकात्मक तस्वीर
लुधियाना के ब्राउन रोड स्थित सेंट थॉमस सीनियर सेकेंडरी स्कूल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दूसरी कक्षा के एक हिन्दू छात्र के साथ कथित मारपीट, मानसिक प्रताडऩा और डराने-धमकाने के आरोप में स्कूल के प्रिंसिपल सैम्युल के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त बच्चे के पिता भारत भूषण ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि प्रिंसिपल लंबे समय से उनके बेटे को निशाना बना रहे थे। बच्चे को न केवल पीटा जाता था, बल्कि सजा के तौर पर कक्षा से अलग रिसेप्शन या स्कूल के किसी कोने में अकेला बैठाया जाता था।
परिजनों का कहना है कि इस व्यवहार से बच्चा मानसिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हो गया है और अब स्कूल का नाम सुनते ही डर जाता है।
बच्चे द्वारा घर आकर पूरी घटना बताने के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्कूल स्टाफ और अन्य गवाहों से पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों के साथ मारपीट या मानसिक प्रताडऩा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।