गत 20-21 जून तक चैन्ने के अमृता विश्व विद्यापीठम् में राष्ट्रीय सेवा भारती की अखिल भारतीय बैठक आयोजित हुई। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री आलोक कुमार, अखिल भारतीय सेवा प्रमुख श्री पराग अभ्यंकर, राष्ट्रीय सेवा भारती के अध्यक्ष श्री सुनील सप्रे, महामंत्री श्रीमती रेणु पाठक तथा अमृता विश्व विद्यापीठम् के प्रधानाचार्य डॉ. वी. जयकुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन भाषण में श्री पराग अभ्यंकर ने भारत की गौरवशाली सेवा परंपरा पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक की प्रस्तावना महामंत्री श्रीमती रेणु पाठक ने प्रस्तुत की। विशिष्ट अतिथि डॉ. वी. जयकुमार ने सेवा कार्यों के महत्व एवं उससे समाज में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा भारती के वार्षिक विशेषांक ‘राष्ट्रीय सेवा साधना-2026’ का विमोचन अतिथियों ने किया। इस वर्ष का विशेषांक छात्रावास विषय पर केंद्रित है, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं सेवा भारती द्वारा संचालित छात्रावासों के माध्यम से समाज में आए सकारात्मक परिवर्तन तथा चरित्र निर्माण से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न लेखों एवं अनुभवों का संकलन किया गया है।
द्वि-दिवसीय बैठक में विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रांतों में चल रहे सेवा कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा आगामी योजनाओं एवं कार्यविस्तार पर विचार-विमर्श किया गया। समापन सत्र में राष्ट्रीय सेवा भारती के अध्यक्ष श्री सुनील सप्रे ने अपना मनोगत व्यक्त किया तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री आलोक कुमार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सभी कार्यकर्ताओं ने नई ऊर्जा, उत्साह एवं संकल्प के साथ अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने हेतु प्रस्थान किया।
















