महाराष्ट्र की सियासत में उठापटक लगातार जारी है। उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) टूट की कगार पर है। इसी क्रम में खबर प्रकाश में आ रही है कि शिवसेना (यूबीटी) के सभी 6 बागी लोकसभा सांसद आज (सोमवार को) दोपहर 3 बजे एकनाथ शिंदे की शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल हो जाएंगे। यह कदम उद्धव ठाकरे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
शिवसेना (यूबीटी) के ये 6 सांसद कुछ समय से असंतोष जता रहे थे। 17 जून को दिल्ली में हुई संसदीय दल की बैठक में ये लोग शामिल नहीं हुए थे। अब ये सभी शिंदे गुट में विलय कर रहे हैं। इससे शिंदे गुट को एंटी-डिफेक्शन कानून के तहत जरूरी दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा, जिससे अयोग्यता से बचाव हो सकेगा।
ये हैं 6 बागी सांसद:
- संजय दिना पाटिल
- संजय देशमुख
- संजय जाधव
- भाऊसाहेब वाकचौरे
- नागेश पाटिल अष्टिकर (हिंगोली)
- ओमप्रकाश राजे निंबालकर (धाराशिव)
बागी सांसदों ने क्या कहा
नागेश पाटिल अष्टिकर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके अपनी बात साफ कर दी। उन्होंने कहा कि 18 जून तक उन्होंने कोई फैसला नहीं लिया था। लेकिन उसके बाद कुछ नेताओं की तीखी टिप्पणियों ने उन्हें लगा कि अब वहां रहने का कोई फायदा नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे उद्धव ठाकरे या संजय राउत से नाराज नहीं हैं। बस कुछ अन्य नेताओं की बातों से दुखी हुए। अष्टिकर ने कहा कि वे अपनी विचारधारा से समझौता नहीं कर रहे, सिर्फ एक शिवसेना से दूसरी शिवसेना में जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: आखिरकार मानसून ने दी दस्तक: मुंबई में हुई पहली बारिश, कई राज्यों में अभी भी कहर ढा रही गर्मी
धाराशिव सांसद ओमप्रकाश राजे नांबिलकर ने भी अपने क्षेत्र के समर्थकों से बात करने के बाद फैसला लिया। ठाकरे गुट ने उन्हें मनाने की काफी कोशिश की। रविवार सुबह दो विधायकों ने उनके घर जाकर उद्धव ठाकरे का संदेश दिया, लेकिन वे शिंदे गुट में शामिल होने को तैयार हो गए।
शिंदे-फडणवीस का बयान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “ऑपरेशन टाइगर” सफल रहा है। उन्होंने कहा कि अब कोई चिंता करने की जरूरत नहीं। फडणवीस ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना को बाल ठाकरे की असली शिवसेना बताया और कहा कि धनुष-बाण का प्रतीक शिंदे के पास है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी कहा कि जब वे कोई ऑपरेशन शुरू करते हैं तो उसे पूरा करके ही छोड़ते हैं। उन्होंने कुछ नेताओं की टिप्पणियों को लेकर “केमिकल लोचा” की बात कही।
उद्धव ठाकरे की प्रतिक्रिया
उद्धव ठाकरे ने भी इस स्थिति पर अपनी बात रखी। भांडुप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे बिल्कुल हताश नहीं हैं। उन्होंने भाजपा पर शिवसेना खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया। ठाकरे ने जोर देकर कहा कि उनकी अगुवाई वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) ने सोमवार दोपहर 2:30 बजे नरीमन पॉइंट स्थित अपने ऑफिस शिवालय में सभी विधायकों और एमएलसी की बैठक बुलाई है। यह बैठक महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन हो रही है।

















