कर्नाटक की कोलार गोल्ड माइंस (KGB) अब कहानी हो गई। अब आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के जोन्नागिरी गांव में सोने का बड़ा भंडार मिला है। ये भंडार करीब 50 टन का बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इस खोज के बाद अब आंध्र प्रदेश पूरे भारत का सबसे बड़ा सोने का सप्लायर बन सकता है।
जोन्नागिरी का सोने का खजाना
रिपोर्ट्स के अऩुसार, कुरनूल जिले के जोन्नागिरी गांव में ये खबर जैसे बिजली की तरह फैली। अधिकारी बता रहे हैं कि यहां अकेले 50 टन सोना निकल सकता है। घरेलू बाजार में इसकी कीमत 7,500 करोड़ से 9,000 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। कीमतें रोज बदलती रहती हैं, इसलिए आंकड़ा थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है। लगभग दस साल पहले यहां 1,500 एकड़ जमीन गोल्ड माइनिंग के लिए अलॉट की गई थी। लेकिन शुरुआत में सिर्फ 500 एकड़ में ही खोज हुई, जहां पहले 13 टन तक सोने का अनुमान था। अब बाकी 1,000 एकड़ में भी काम जल्द शुरू होने वाला है।
चार और जगहों पर भी सोना
बताया जाता है कि ये सिर्फ जोन्नागिरी तक सीमित नहीं है। खनन विभाग के प्रधान सचिव मुकेश कुमार मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जोन्नागिरी के अलावा रामागिरी, जव्वकुला और चिगुरुकुंटा बिस्नाटम जैसी चार अन्य जगहों पर भी सोने की संभावना है। सरकार इन सभी मिनरल-रिच इलाकों को और विकसित करने की प्लानिंग कर रही है।
इसे भी पढ़ें: Explainer: चिकन नेक पर भारत की सबसे बड़ी रणनीति: धरती के नीचे बनेगा सुरक्षा का नया गलियारा, क्या बदलेगी तस्वीर
माइनिंग कब शुरू?
सबसे अच्छी खबर ये है कि जोन्नागिरी में गोल्ड माइनिंग की औपचारिक शुरुआत इस महीने के आखिर में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू करने वाले हैं। पहले प्राइवेट कंपनियों को टेंडर देकर काम सौंपा जा रहा है, क्योंकि इसमें भारी निवेश और खास टेक्नोलॉजी की जरूरत है।
सोना निकालना आसान नहीं
अधिकारी साफ बता रहे हैं कि सोना निकालना कोई मजाक नहीं। एक टन मटेरियल प्रोसेस करने पर सिर्फ 1 ग्राम सोना मिल पाता है। पहले ये 3 ग्राम तक मिलता था, लेकिन अब 0.8 ग्राम से कम होने पर आर्थिक रूप से फायदेमंद नहीं रहता। फिर भी, इतना बड़ा भंडार होने से उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं।
भारत के लिए बड़ी राहत
भारत में हर साल करीब 800 टन सोना खपत होता है, लेकिन घरेलू उत्पादन बहुत कम है। कर्नाटक की हुट्टी गोल्ड माइन्स से सिर्फ 1.5 टन सालाना मिलता है। कोलार गोल्ड फील्ड्स बंद होने के बाद से प्रोडक्शन और गिर गया। अब आंध्र का ये खजाना न सिर्फ प्रोडक्शन बढ़ाएगा, बल्कि विदेश से सोना मंगवाने पर हमारी निर्भरता भी कम करेगा।
















