केरलम् में एक रेस्तरां के उद्घाटन समारोह में पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन करने को लेकर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की विधायक फातिमा तहलिया विवादों में घिर गईं।
पेराम्ब्रा से विधायक फातिमा तहलिया ने हाल ही में अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक नए रेस्तरां का उद्घाटन करते हुए दीपक जलाया था, जिसके बाद कुछ इस्लामी संगठनों और मौलानाओं ने इसका विरोध किया। विवाद तब और बढ़ गया जब सुन्नी इस्लामी विद्वानों के संगठन ‘समस्था केरल जमीयतुल उलेमा’ ने इस मुद्दे पर कहा कि मुसलमानों को अन्य मत—पंथों से जुड़े धार्मिक अनुष्ठानों और परंपराओं से दूर रहना चाहिए।
संगठन ने अपने बयान में कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसे कर्मों को धार्मिक मान्यता के साथ अपनाता है तो यह इस्लामी शिक्षाओं के विरुद्ध माना जा सकता है और उसे इस्लाम से बाहर जाने जैसी स्थिति तक ले जा सकता है। फातिमा तहलिया के दीप प्रज्ज्वलन की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में भी बहस छिड़ गई।
कार्यक्रम के आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक सांस्कृतिक और औपचारिक कार्यक्रम का हिस्सा था, जबकि कट्टरपंथी इसे इस्लाम की मान्यताओं के उल्लंघन के रूप में देख रहे हैं।

















