पंजाब के कपूरथला जिले में एक पादरी द्वारा लडक़ी से रेप और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने लडक़ी से रेप करने और उसे मरने के लिए मजबूर करने वाले पादरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीडि़त परिवार की शिकायत पर, जिला पुलिस प्रमुख गौरव तुरा के निर्देश पर, भुलत्थ के डीएसपी गगनदीप सिंह के नेतृत्व में नडाला पुलिस ने सुभानपुर थाने में दर्ज केस में नामजद पादरी हरभजन सिंह को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
रायपुर राजपूतां गांव की है घटना
गौरतलब है कि 4 दिन पहले गांव रायपुर राजपूतां में एक 18 साल की लडक़ी ने पादरी द्वारा परेशान किए जाने के बाद पंखे से लटककर कथित तौर पर अपनी जान दे दी थी। मृतक लडक़ी की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पादरी हरभजन सिंह लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और उस पर बुरी नजर रखता था। परिवार द्वारा कई बार समझाने के बावजूद, उसने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं।
दो दिन के रिमांड पर पादरी
पुलिस चौकी हेड नडाला बलजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर नडाला पुलिस ने पुजारी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल कर लिया है। चौकी इंचार्ज नडाला बलजिंदर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।












