विश्व

होर्मुज के पास जहाज पर हमला, 24 भारतीय नाविक भी सवार; सीजफायर के 2 महीने बाद ईरान-इजराइल में फिर भीषण युद्ध

जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों ने संकट की स्थिति में तत्काल मदद की गुहार लगाई है।

Published by
Lalit Fulara

नई दिल्ली: सीजफायर के दो महीने बाद एक बार फिर से ईरान और इजराइल के बीच भीषण युद्ध शुरू हो गया है। दोनों देशों की तरफ से एक-दूसरे पर जमकर मिसाइलें बरसाई गई हैं। इन हमलों के बाद होर्मुज पर फिर से तनाव बढ़ गया है। सोमवार को ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य  के पास एक जहाज पर हमले की जानकारी सामने आई है। इस जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों ने संकट की स्थिति में फौरन मदद की गुहार लगाई है।

जहाज पर मौजूद भारतीय नाविकों ने अपनी लोकेशन (कोऑर्डिनेट्स) भेजकर आपात सहायता मांगी है। इस बात की जानकारी ‘फॉरवर्ड सीमैन्स यूनियन ऑफ इंडिया’ ने सोशल मीडिया साइट X पर दी है। यह जहाज ओमान के तट से 15 नॉटिकल मील दूर मौजूद है।

वीडियो में जहाज से काला धुआं निकलते दिखा
इस हमले का एक वीडियो भी साझा किया गया है। जिसमें जहाज के भीतर से काला धुंआ निकलता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि हमले में जहाज के इंजन रूम को नुकसान हुआ है। बता दें कि इससे पहले ईरान और इजराइल ने एक-दूसरे पर जमकर मिसाइलें बरसाई हैं। ईरान ने रविवार रात इजरायल के कई इलाकों पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए।

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के दौरान बढ़ा तनाव
इसके जवाब में इजराइल ने भी ईरान पर मिसाइल हमलों की बौछार कर दी है। इधर,वेस्ट बैंक में सोमवार को एक ईरानी मिसाइल को इंटरसेप्ट करने के दौरान मलबा एक बस्ती में गिरा। जिससे तीन घर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल इस घटना के वीडियो में घटनास्थल से धुएं कागुबार उठता दिखाई दिया। आपातकालीन बचाव सेवा मैगन डेविड एडोम ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है। ईरान ने मिसाइलों की दूसरी खेप भी दागी। इजराइली सेना ने मध्य इस्राइल के लोगों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों में जाने का निर्देश दिया।

यह तनाव ऐसे समय में बढ़ा है जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है। वहीं, ईरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है और सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की किसी भी यात्रा से बचने की अपनी पिछली सलाह दोहराई है।

Share