नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध रोकने के लिए बातचीत चल रही है लेकिन इजराइल जंग रोकने के पक्ष में बिल्कुल भी नहीं है। इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी नहीं सुन रहे हैं। इजराइल ने ईरान के कई सैन्य अड्डों को तबाह कर दिया है। अब ईरान और इजराइल के बीच का संघर्ष और अधिक घातक हो गया है।
दरअसल लेबनान में इजराइली हमले का जवाब देते हुए ईरान ने इजरायल के शहरों पर मिसाइलें दागीं थी। इसके बाद इजराइली सेना ने तेहरान पर भीषण हमले कर दिए। दूसरी तरफ इस युद्ध को देखते हुए इजरायल ने देशभर के स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी है। इसे लंबी कार्रवाई के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। ईरानी समाचार एजेंसी IRNA ने भी इजराइली हमलों की पुष्टि की है।
नेतन्याहू ने ट्रंप की भी नहीं सुनी… ईरान पर दाग दी बैलिस्टिक मिसाइलें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की थी। ट्रंप ने नेतन्याहू को जवाबी हमला नहीं करने के लिए कहा था। लेकिन इसके बाद भी इजरायल ने ईरान पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दाग दी। जिसके बाद कहा जा रहा है कि नेतन्याहू अब ट्रंप की भी नहीं सुन रहे। दरअसल, ट्रंप ईरान के साथ शांति समझौता करना चाहते हैं। वह नहीं चाहते कि दोनों देशों की बातचीत फिर पटरी से उतर जाए। लेकिन इजराइल ईरान के हर हमले का जवाब और भीषण तौर पर दे रहा है।
ट्रंप इजराइल की ओर से लेबनान पर किए हमले पर नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने ईरान को भी इजराइल पर हमला नहीं करने की सलाह दी थी। उनका कहना था कि ईरान और अमेरिकी समझौते पर सोमवार, मंगलवार या बुधवार तक हस्ताक्षर हो जाएंगे। लेकिन इस बीच इजराइल ने ईरान पर कई मिसाइलें दागकर ट्रंप को भी चौंका दिया है।

















