नई दिल्ली: मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में अगले हफ्ते और अधिक भीषण गर्मी सताएगी। अभी उत्तर भारत में बारिश से थोड़ा राहत मिली हुई थी जो कि अब समाप्त होने वाली है। वहीं, दूसरी तरफ मानसून के अगले दो से तीन दिनों में केरल पहुंचने की संभावना जताई है। IMD ने तमिलनाडु के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जबकि उत्तर भारत में अगले हफ्ते तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी की बात कही गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है। जिसके चलते मंगलवार से पारा चढ़ना शुरू होगा। दो से तीन दिन के अंदर यह छह डिग्री तक चढ़ सकता है। इससे पहले सूबे के कई जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला चला और गर्मी से थोड़ा राहत मिली थी। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हवा की गति तेज रहेगी और आंधी चल सकती है। कुछ जगहों पर बिजली चमक सकती है। राजस्थान और गुजरात में कुछ जगह आंधी-बारिश के आसार हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग की ओर से बारिश के आसार बताए गए हैं। पूर्वोत्तर भारत में 6 और 7 जून को बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मानसून के केरल में दस्तक देते ही दक्षिण के राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जबकि उत्तर और उत्तर पश्चिम के राज्यों में प्री-मानसून का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार समेत कम से कम 16 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में 5 जून तक हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। ऐसे में लोगों को लू और गर्मी से राहत मिलेगी। इसके बाद अगले हफ्ते तापमान बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में भी धूलभरी आंधी और बारिश की उम्मीद है। राजस्थान के कई जिलों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हरियाणा और पंजाब में 1 से 5 जून तक बारिश और आंधी के आसार हैं। जबकि उत्तराखंड में 5 और 6 जून को बारिश के आसार हैं।
















