नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का अंकों के सत्यापन तथा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए मंगलवार को ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय हो गया। CBSE ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। सीबीएसई ने कहा कि कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल अब सक्रिय हो गया है। इसकी आधिकारिक अधिसूचना सीबीएसई की मुख्य वेबसाइट पर भी जारी की गई है।
एक दिन देरी से शुरू हुआ ऑनलाइन पोर्टल
इससे पहले बारहवीं के अंकों के सत्यापन तथा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया पोर्टल 26 मई से लाइन होना था लेकिन तकनीकी खामियों के कारण इस अवधि को बढ़ाकर 1 जून कर दिया था। लेकिन यह 1 जून को भी शुरू नहीं हो पाया और आखिर में एक दिन देरी से 2 जून को पोर्टल लाइव हुआ। अब सत्यापन तथा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन का ऑनलाइन पोर्टल लाइव हो चुका है। सीबीएसई ने विद्यार्थीयों के लिए आधिकारिक पोर्टल लिंक postresult.cbseit.in/pvr/ साझा किया है। इस पर विद्यार्थी अपने अंकों के सत्यापन और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि सीबीएसई अपनी बोर्ड परीक्षा के अंकों से असंतुष्ट छात्रों को अपनी कॉपियों की दोबारा जांच कराने का अवसर दे रही है। यह प्रक्रिया मुख्य रूप से तीन चरणों में होगी। पहले चरण में अंकों का सत्यापन, दूसरे चरण में मूल्यांकन शीट की फोटोकॉपी और तीसरे चरण में पुनर्मूल्यांकन होगा।
कैसे करें आवेदन?
छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in या postresult.cbseit.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे पहले स्कैन्ड उत्तरपुस्तिका प्राप्त करें, फिर अपनी कॉपी और आधिकारिक मार्किंग स्कीम की तुलना करके ही पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करें। केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। जिन छात्रों को अपने अंकों से संतोष नहीं है, वे शीघ्र पोर्टल पर आवेदन करें क्योंकि अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बोर्ड ने मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए प्रति विषय 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया है। अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को भी प्रति विषय 100 रुपये का भुगतान करना होगा। पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों से प्रति प्रश्न 25 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।











