खाड़ी संकट के बीच ईरान के अंदर चल रही उठापठक सामने आई है। जहां ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने सुप्रीम लीडर के ऑफिस में इस्तीफे का पत्र भेजा है, ऐसा एक रिपोर्ट में दावा किया गया है। लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने इस खबर को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
क्या कहती है रिपोर्ट
अमेरिकी फॉक्स न्यूज ने एक रिपोर्ट में दावा किया है कि पेजेश्कियन ने पत्र में लिखा है कि उनकी सरकार को देश के बड़े फैसलों से दूर रखा जा रहा है। इसके बजाय इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सख्त विचारों वाले गुटों ने मुख्य कामकाज अपने हाथ में ले लिया है। राष्ट्रपति ने लिखा कि ऐसी स्थिति में वे ठीक से देश नहीं चला पा रहे हैं और अपने कानूनी दायित्वों को पूरा नहीं कर पा रहे। इसलिए उन्होंने तुरंत इस्तीफा देने की बात कही।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि सुप्रीम लीडर खामेनेई के इस्तीफा स्वीकार करने या न करने के बारे में स्पष्ट किया जा सका है।
इसे भी पढ़ें: इजरायल ने 26 साल बाद लेबनान के रणनीतिक किले बीफोर्ट कैसल पर कब्जा कर लिया
अधिकारी का जवाब
ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय के डिप्टी ऑफ कम्युनिकेशंस एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन, सैयद मेहदी तबाताबाई ने इन रिपोर्टों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि एक नामचीन होने की कोशिश कर रहे युवा की बेबुनियाद और विवादास्पद बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। कुछ गुमराह तत्वों के बचकाने बर्ताव से यह गलत धारणा नहीं बननी चाहिए कि युवा देश चलाने में सक्षम नहीं हैं। ईरान में सोच-समझ वाले बहुत से युवा हैं, बस उन्हें अच्छे प्रबंधन के मौके नहीं मिले।
तबाताबाई ने आगे कहा कि विदेशी नेटवर्क की अफवाह फैलाना पुरानी बेतुकी मीडिया गेम का हिस्सा है। उन्होंने अपनी मनचाही बातों को हकीकत की जगह पेश कर दिया। राष्ट्रपति पेजेश्कियन लोगों की सेवा से पीछे नहीं हटेंगे। ईरानी राष्ट्र भी एकजुटता और प्रतिरोध के रास्ते से नहीं हटेगा। जो लोग ईरानी राष्ट्र की एकता तोड़ना चाहते हैं, उनकी इच्छा कब्र तक साथ जाएगी।
क्या है पूरा मामला
मसूद पेजेश्कियन अपेक्षाकृत सुधारवादी नेता माने जाते हैं। वे 2024 में राष्ट्रपति बने थे। ईरान में असल ताकत सुप्रीम लीडर और IRGC के पास मानी जाती है। राष्ट्रपति की भूमिका कई बार सीमित रह जाती है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है जब ईरान क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना कर रहा है। रिपोर्ट अभी तक सिर्फ एक मीडिया दावे पर आधारित है और आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।











