यूपी में बुधवार को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) और एसटीएफ ने पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल के 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। भाजपा कार्यालय, अस्पताल, स्कूल और अन्य किसी संवेदनशील स्थान पर विस्फोट करने का षड्यंत्र रचा जा रहा था। चारों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है। ये चारों, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के संपर्क में थे और उन्हीं के इशारे पर काम कर रहे थे। इंस्टाग्राम पर आबिद जट्ट ने भाजपा कार्यालय और अस्पताल को निशाना बनाने के लिए कहा था। आबिद का कहना था कि इस काम के बाद अगला लक्ष्य दिया।
अस्पताल उड़ाने की साजिश का खुलासा
पुलिस का कहना है कि महकाब निवासी सहारनपुर, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह निवासी मुजफ्फरनगर, शाहरुख निवासी सहारनपुर और मुशर्रफ निवासी हरिद्वार को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तानी गैंगस्टर आबिद जट्ट ने वीडियो कॉल पर चारों को देश में कई जगहों पर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने साथ जोड़ने के लिए उकसाया था। महकाब और गगनदीप ने ही शाहरुख और मुशर्रफ को अपने साथ जोड़ा था। अस्पताल उड़ाने के लिए रेकी की गई थी और हथियार खरीदने की तैयारी चल रही थी। पुलिस का कहना है कि कोई बड़ी घटना करने का षड्यंत्र रचा जा रहा था। इसके लिए महकाब और गगनदीप नोएडा में मिले थे। इनके बीच रूपये और हथियार को लेकर बात हुई थी।
उल्लेखनीय है कि यूपी में बीते दो महीने में एजेंसियों ने 12 से ज्यादा संदिग्ध आतंकी पकड़े हैं। गत 4 अप्रैल को लखनऊ से 4 संदिग्ध पकड़े गए थे। एटीएस ने गत 24 अप्रैल को मेरठ के तुषार और दिल्ली के समीर खान को गिरफ्तार किया था। ये दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट के संपर्क में थे। दोनों यूपी के एक्स मुस्लिमों की हैंड ग्रेनेड से हत्या करने का षड्यंत्र रच रहे थे। इस काम के लिए 3 लाख रुपए देने का वायदा किया गया था।
रील बनाते-बनाते पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में आया जैद खान
बता दें कि तेलंगाना पुलिस ने 25 मई को गाजियाबाद के जैद खान को गिरफ्तार किया था। जांच में पाया गया था कि जैद ने यूपी के कई मंत्रियों के मोबाइल नंबर पाकिस्तानी हैंडलर्स को दियें थे। जैद सोशल मीडिया पर रील बनाया करता था। उसी समय वह पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में आया था। जैद ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उसने कई लोगों के नंबर और लोकेशन पाकिस्तानी हैंडलर्स को दिए थे।

















