पुलिस ने कल रात गाजीपुर में माफिया मुख्तार अंसारी के घर पर छापा मारा। पुलिस का कहना है कि मुख्तार का बेटा और विधायक अब्बास अंसारी गाजीपुर स्थित पैतृक आवास पर अनाधिकृत रूप से रह रहा है। देर रात जब पुलिस दबिश देने पहुंची तब काफी देर बाद दरवाजा खोला गया। दरवाजा खुलने के बाद पुलिस ने घर के अन्दर जाकर अब्बास अंसारी से पूछताछ की।
सुप्रीम कोर्ट की अनुमति अवधि समाप्त, दस्तावेज दिखाने की मांग
एरिया ऑफिसर सुधाकर पांडे ने अब्बास अंसारी से पूछा, “सुप्रीम कोर्ट ने 13 मई से सिर्फ़ तीन दिन के लिए पुश्तैनी घर पर रहने की इजाज़त दी थी। यह समय खत्म हो गया है। अगर आपको इसके बाद वहां रहने के लिए सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट से कोई इजाजत मिली है, तो उसके डॉक्यूमेंट्स दिखाएं।”
पुलिस ने अब्बास अंसारी से गनर बदलने को लेकर भी सवाल पूछा। अब्बास अंसारी ने पुलिस को बताया कि जिस मामले में सुप्रीम कोर्ट से रोक लगी थी, वह केस हाईकोर्ट में खत्म हो चुका है। सिर्फ अपने चुनावी क्षेत्र मऊ में रहने से रोका गया था। गाजीपुर में निवास करने के संबंध में उन्होंने मऊ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित सूचना भेज दी थी।अब्बास अंसारी ने पुलिस को कुछ कागजात भी दिखाए। इसके बाद पुलिस ने 24 घंटे से अधिक रहने को लेकर अब्बास अंसारी को एक नोटिस दिया है।
















