तेज प्रताप इन दिनों धार्मिक यात्रा पर निकले हुए हैं। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद वो विंध्यवासिनी मां का दर्शन-पूजन करने विंध्याचल गये थे। तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ‘देखिए, मैं अखिलेश यादव को तो सपोर्ट नहीं करता हूं। जहां तक बात है कि आप लोगों ने बिहार का चुनाव देखा ही होगा, किस तरीके से हमारी पार्टी ने परफॉर्म किया। हार जीत तो लगी रहती है राजनीति में। या तो हार होती है या फिर जीत। तो इस बार पूरा चांस है कि योगी जी फिर से तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का काम करेंगे।’
अगले साल है राज्य विधानसभा चुनाव
उल्लेखनीय है कि अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विंध्याचल में जब पत्रकारों ने उनसे अखिलेश यादव को लेकर सवाल किया तो उन्होंने सीधे तौर पर अखिलेश यादव को नकार दिया। तेज प्रताप यादव ने सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की और कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
दिलचस्प बात है कि तेज प्रताप के अखिलेश यादव से व्यक्तिगत रिश्ते काफी अच्छे हैं। दोनों लोग रिश्तेदार भी हैं। इसके बावजूद तेज प्रताप ने सीएम योगी की प्रशंसा की।
















