नई टिहरी । बदरीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र में सत्यों-नौगांव के ऊपर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। जिसके बाद पायलट ने बड़ी सूझबूझ से उसे पास के खेत में सुरक्षित उतार लिया।
हेलीकॉप्टर को उड़ा रही महिला पायलट अनुपमा चौधरी और साथी पायलट की सूझबूझ से ही तुरंत खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कर दी। जिसकी वजह से हेलीकॉप्टर में सभी 6 सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन पायलट के साहस से बड़ा हादसा टल गया। खेत में हेलीकॉप्टर उतरते ही स्थानीय लोग वहां जमा हो गए उनके द्वारा यात्रियों को पानी फल आदि उपलब्ध कराया गया और सुरक्षित पास के एक मकान में ले जाया गया।
पायलट द्वारा स्थानीय प्रशासन और अपने कंट्रोल टावर को भी अवगत कराया गया। मौके पर प्रशासन की टीम भी पहुंची और उनके द्वारा यात्रियों को देहरादून भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।















