शहडोल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज मध्य प्रदेश के शहडोल आ रहे हैं। वे यहां तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे।
सरसंघचालक डॉ. भागवत का पहली बार शहडोल आगमन हो रहा है। वे आज ट्रेन से कटनी पहुंचेंगे और सड़क मार्ग से शहडोल आएंगे। मुख्य कार्यक्रम पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में आयोजित बौद्धिक शिविर में होगा। इस शिविर में 300 से अधिक शिक्षार्थी हिस्सा लेंगे। प्रवास के दौरान वे कई बौद्धिक और संगठनात्मक सत्रों में शामिल होंगे।
सरसंघचालक का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिलेभर के स्वयंसेवकों और संघ कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह है। डॉ. भागवत 22 मई की रात शहडोल से वापस रवाना होंगे।

















