देश के करोड़ों नौकरी करने वाले लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO से जुड़ी बड़ी राहत की खबर सामने आई है। EPFO अब अपने सिस्टम में बड़े तकनीकी बदलाव करने जा रहा है, जिससे PF निकालना और एक कंपनी से दूसरी कंपनी में PF ट्रांसफर करना पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। इन बदलावों का फायदा देश के करीब 7 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलेगा।
अब PF का पूरा पैसा मिलेगा ऑटोमैटिक तरीके से
हाल ही में EPFO के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति और श्रम सचिव वंदना गुरनानी ने इन नए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि EPFO अपने डिजिटल सिस्टम को आधुनिक बना रहा है ताकि लोगों को कम समय में बेहतर सुविधा मिल सके। अब तक EPFO में सिर्फ 5 लाख रुपये तक के एडवांस क्लेम का निपटारा अपने आप हो जाता था। यानी इलाज, शादी या जरूरी काम के लिए PF से कुछ पैसा निकालने पर प्रक्रिया ऑटोमैटिक तरीके से पूरी हो जाती थी। लेकिन अब नौकरी छोड़ने के बाद पूरे PF पैसे के भुगतान को भी पूरी तरह ऑटोमैटिक बनाने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- EPFO 3.0 लॉन्च होते ही बदल जाएगा PF सिस्टम, जानिए कैसे मिलेगा फायदा
इससे लोगों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत भी नहीं होगी। पैसा सीधे कर्मचारी के बैंक खाते में जल्दी ट्रांसफर हो जाएगा। इसके अलावा नौकरी बदलने वालों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक नई नौकरी जॉइन करने पर PF ट्रांसफर के लिए फॉर्म भरना पड़ता है, लेकिन आने वाले समय में यह काम अपने आप हो जाएगा। कर्मचारी का PF अकाउंट नई कंपनी से स्वतः जुड़ जाएगा। EPFO 3.0 के तहत मई 2026 तक ATM और UPI से PF का पैसा निकालने की सुविधा भी शुरू की जा सकती है। इसके लिए विशेष कार्ड जारी करने की भी तैयारी चल रही है। इससे जरूरत पड़ने पर लोग आसानी से अपना PF पैसा निकाल सकेंगे। EPFO पुराने कानूनों और योजनाओं में भी बदलाव करने की तैयारी कर रहा है ताकि कर्मचारियों को आधुनिक और आसान सुविधाएं मिल सकें। सरकार का उद्देश्य EPFO को पूरी तरह डिजिटल, तेज और पारदर्शी बनाना है।














